हल्द्वानी। मंडी शिफ्ट होने के भारी विरोध को देखते हुए भाजपा ने मंगलवार को स्प्ष्ट किया कि मंडी को शिफ्ट करके मंडी में अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण नहीं किया जाएगा। बाकायदा मुख्यमंत्री के हवाले से जारी बयान में कहा गया कि बस अड्डे के लिए पवित्र जगह चिह्नित की जा रही है। इसी प्रेस बयान में कहा गया कि जगह चिह्नित कर ली गई है, लेकिन जगह का खुलासा नहीं किया गया।
भाजपा के मीडिया प्रभारी तरुण बंसल ने प्रेस को बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री ने साफ कहा हैै कि मंडी शिफ्ट नहीं होगी। अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए उपयुक्त जगह चिह्नित की जा रही है जो खोज ली गई है। तरुण बंसल के मुताबिक मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि आइएसबीटी हल्द्वानी में ही बनेगा लेकिन उस स्थान पर नहीं जहां कंकाल पाए गए बल्कि साफ और पवित्र स्थान जल्द चिह्नित किया जाएगा।
उधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट ने प्रेस बयान जारी कर नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश को निशाने पर लिया। गजराज ने कहा कि इंदिरा हृदयेश दस साल तक सत्ता में रहीं और अपना ड्रीम प्रोजेक्ट (अंतरराज्यीय बस अड्डा निर्माण) पूरा नहीं कर पाईं। वर्तमान प्रदेश सरकार इस काम को बेहतर तरीके से अंजाम दे देगी। भाजपा नेताओं के ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब भाजपा गौलापार निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कार्य रोकने का कोई वाजिब कारण सामने नहीं रख पाई है। निर्माणाधीन भूमि पर कब्रिस्तान का हवाला देकर इस विवाद से बचने की कोशिश भी की गई। यह तर्क भी भाजपा पर भारी पड़ रहा है। भाजपा की मुसीबत यह है कि प्रदेश सरकार निर्माण कार्य रोकने का ऐलान कर चुकी है लेकिन फिर से निर्माण के लिए उपयुक्त जगह नहीं बता पा रही है।