नैनीताल। राजकीय पॉलीटेक्निक नैनीताल में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई प्रधानाचार्य एमके सिंह की तहरीर पर हुई है।
शनिवार को फार्मेसी विभाग के एक संविदा कर्मी की पुनर्नियुक्ति के मामले में भाजपाइयों ने पॉलीटेक्निक में तोड़फोड़ करने के साथ ही मारपीट भी की थी। शाम को प्रधानाचार्य एमके सिंह ने डीएम दीपेंद्र चौधरी को पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने भाजपा नगर अध्यक्ष मनोज जोशी, डीएसबी परिसर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अरविंद पडियार के नेतृत्व में आए 20-30 भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़, मारपीट, अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए 28 अगस्त से होने वाली काउंसलिंग में सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। रविवार को मामले में प्रधानाचार्य सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें अज्ञात लोगों के खिलाफ कॉलेज परिसर में जबरदस्ती घुसकर तोड़फोड़ करने, मारपीट, अभद्रता करने की शिकायत की। कोतवाल विपिन चंद्र पंत के मुताबिक मामले की जांच एसआई भुवन चंद्र मासीवाल को सौंपी गई है।