हल्द्वानी। स्टेट पूल गोदाम कमलुवागांजा में अधोमानक चावल भेजने वाली चावल मिलों को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। शनिवार को बाजपुर की छह चावल मिलों को नोटिस भेजे गए। इसमें तीन दिन के अंदर चावल नहीं भेजने पर मिलों को काली सूची में डालने की बात कही गई है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने चावल के नमूने फेल होने के बाद मंडी स्टेट पूल के गोदाम में अधोमानक चावल भेजने वाली मिलों को नोटिस भेजे थे। शनिवार को कमलुवागांजा में अधोमानक पाए गए चावल के 13 चट्टों की भी मिलवार छंटाई शुरू हो गई। जांच टीम के अशोक आर्या ने बताया कि इस दौरान बाजपुर की छह मिलों को नोटिस भेजे गए हैं। इनमें महालक्ष्मी फूड, भारत राइस मिल, शिव राइस मिल, महालक्ष्मी एग्रो सीड, जमुना फूड इंड्रस्टीज और नवीन ट्रेडर्स को नोटिस भेजे गए हैं।
छह मिलों ने ही वापस लिया चावल
संभागीय खाद्य नियंत्रक की ओर से छंटाई के लिए बनाए गए जांच दल ने चार दिन पहले 18 चावल मिलों को नोटिस भेजा था। दूसरे दिन 50 से अधिक चावल मिलों को नोटिस भेजा गया था। नोटिस में तीन दिन के अंदर चावल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। नोटिस का समय बीतने के बाद सिर्फ छह मिलें सही चावल लेकर गोदाम पहुंची। इससे विभाग की ओर से दिए गए नोटिस पर ही सवाल उठ रहे हैं। उधर, अल्मोड़ा जिले में अभी जुलाई का चावल नहीं पहुंच पाया है।
रविवार को खुलेंगे दोनों गोदाम
रविवार को स्टेट पूल के कमलुवागांजा और मंडी गोदाम खुले रहेंगे। आरएफसी कुमाऊं वीएस धानिक ने यह आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय चावल छंटाई के लिए लिया गया है। उधर, मिलों को रविवार को चावल भेजने के लिए कहा गया है।
मंडी में पहुंचा दो चावल मिलों का 600 कट्टा चावल
शनिवार को दो चावल मिलें मंडी स्टेट पूल के गोदाम में चावल लेकर पहुंची। जांच टीम के अधिकारियों ने चावल के नमूने लेकर जांच की। जिसमें महालक्ष्मी चावल मिल और बोरा चावल मिल के सैंपल पास हो गए। इसके बाद 600 कट्टे चावल गोदाम में उतारा गया और इतने ही अधोमानक चावल मिलों को वापस किए गए।