रामनगर के ग्राम सांवल्दे क्षेत्र स्थित एक्रोन रिजॉर्ट में देह व्यापार और डांस पार्टी के भंडाफोड़ मामले में पुलिस ने 52 आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 51 लोगों को न्यायिक हिरासत जबकि एक को सुधार गृह भेज दिया है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक्रोन रिजॉर्ट में छापा मारा था। यहां बाहरी राज्यों और विदेश से आई 10 महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देकर बुलाया गया था। मेरठ की एक दवाई कंपनी के मालिक उपेंद्र कुमार ने दिल्ली, यूपी से अपने डीलरों को यहां बुलाया था। कंपनी के मालिक समेत 52 लोग बिना अनुमति शराब पार्टी, डांस करती महिलाओं पर नोट उड़ाने के साथ ही अश्लील हरकतें करते मिले।
टीम ने एक नाबालिग और 51 लोगों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। बताया कि सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 51 लोगों को न्यायिक हिरासत जबकि नाबालिग को सुधार गृह भेज दिया है। उन्होंने बताया कि फरार चल रहे रिजॉर्ट के जीएम लखेंद्र चौधरी की तलाश की जा रही है।