हल्द्वानी। ऊर्जा निगम गर्मी से पहले कमलुवागांजा, टीपीनगर, लालकुआं बिजलीघरों से जुड़ी विभिन्न काॅलोनियों में 49 ट्रांसफार्मर लगाएगा। इसमें 2.14 करोड़ खर्च होगा। इसके अलावा टीपीनगर और लालकुआं बिजलीघर से दो नए फीडर भी बनाए जाएंगे। निगम का यह काम पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
शहर में सर्दी के मौसम में भी कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। गर्मी में यह समस्या बड़ी न हो जाए इसके लिए ऊर्जा निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिवीजन के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने बताया कि जज फार्म, डहरिया, मुखानी, ऊंचापुल, कटघरिया, मल्ली बमौरी आदि क्षेत्रों की काॅलोनियों में ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। अब तक 32 का एस्टीमेट पास हो गया है। ट्रांसफार्मर के साथ ही डबल पोल, लाइन आदि कार्य भी कराया जाएगा। इसके अलावा टीपीनगर से देवलचौड़ व लालकुआं नगर का अलग फीडर बनाया जा रहा है। गर्मी से पहले ही यह काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।