हल्द्वानी। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 25 अप्रैल से शुरू हो रहे मूल्यांकन के लिए जिले के तीन स्कूलों को केंद्र बनाया गया है और बोर्ड की ओर से 480 परीक्षक और प्रत्येक केंद्र में टेबल की संख्या के आधार पर अंकेक्षकों की भी नियुक्ति कर दी गई है।
मूल्यांकन के लिए विभिन्न विद्यालयों की उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों में पहुंचनी शुरू हो गई हैं। 25 अप्रैल को मूल्यांकन शुरू होने से पहले प्रत्येक केंद्र पर परीक्षकों की ट्रेनिंग होगी। यह ट्रेनिंग मास्टर ट्रेनर देंगे। इसके बाद सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक मूल्यांकन कार्य चलेगा। एक टेबल में 10 से 12 परीक्षक बैठेंगे। उसके ऊपर एक डिप्टी हेड मानीटरिंग करेंगे। इस बार जीआईसी रामनगर और एमबी इंटर कालेज नए मूल्यांकन केंद्र बने हैं। तीसरा मूल्यांकन केंद्र जीजीआईसी हल्द्वानी है। इन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा उप नियंत्रक बनाया गया है। एक दिन में हाईस्कूल की 40 और इंटर की 30 कापियां जांची जाएंगी। इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने बताया कि उन्होंने तीनों केंद्रों का निरीक्षण कर लिया है और तैयारियां लगभग पूरी हो चुकीं हैं। छात्रों का अहित न हो और पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए सभी को निर्देश दिए जा चुके हैं। परीक्षक मूल्यांकन के दौरान शाम पांच बजे तक परिसर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान उनके फोन बंद रखे जाएंगे। सभी को गोपनीयता का पूरा ध्यान रखने को कहा गया है। लापरवाही होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।