म्यूल खातों के जरिए होने वाले साइबर अपराधों पर कार्रवाई की रफ्तार अब तक सुस्त थी, लेकिन एडीजी की फटकार के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया। महज 24 घंटे के भीतर जिला पुलिस ने 43 मामले दर्ज कर दिए।
हल्द्वानी सर्किल के दो थानों में दर्ज हुईं 25 प्राथमिकी में 19 लोगों को नामजद किया गया है, वहीं नौ अज्ञात धारक ट्रेस किए गए हैं। इनके अलावा जिले की अन्य कोतवाली में दर्ज मामलों के नामजद आरोपियों का आंकड़ा भी 12 से अधिक है। सवाल यह है कि साइबर अपराधियों के लेनदेन में इस्तेमाल होने वाले खातों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को वरिष्ठ अधिकारियों की फटकार का इंतजार क्यों करना पड़ा। एडीजी वी मुरुगेशन ने सख्ती दिखाते हुए यह भी निर्देश दिए हैं कि अगर संबंधित कोतवाल इन मामलों में लापरवाही बरतते हैं तब उनके कोतवाल बने रहने पर भी पुनर्विचार किया जा सकता है।
हल्द्वानी सर्किल के मामलों में यह हुए नामजद
ऊधमसिंह नगर निवासी रामसिंह, अल्मोड़ा के पुष्पेंद्र सिंह नेगी, तल्ली बमौरी के नेमचंद्र शर्मा, बिठौरिया नंबर एक के रितिक आर्या, कालाढूंगी के मनोज कुमार, हैड़ाखान के महेंद्र चंद्र, गौजाजाली के संजीव कुमार, बनभूलपुरा के शकीर सैफी, बड़ी मुखानी के राजकुमार, प्रेमपुर लोश्ज्ञानी के सागर आर्या, निलियम कॉलोनी के केवलानंद जोशी, गैस गोदाम रोड निवासी हितेश आर्या, राजपुरा के तस्लीम, आंबेडकर नगर के अली, कुल्यालपुरा निवासी कमल, राजपुरा के मोहम्मद शब्बीर, शादाब और रेलवे बाजार निवासी सुहैल खान।
इन थानों में दर्ज हुई प्राथमिकी
कोतवाली- दर्ज मामले
हल्द्वानी 15
मुखानी 10
रामनगर 08
मल्लीताल 04
लालकुआं 02
तल्लीताल 02
कालाढूंगी 01
भवाली 01
दर्ज हुईं 43 प्राथमिकी में करीब 19 लोग नामजद हैं और लगभग 9 खाता धारक अज्ञात हैं। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। नामजद सभी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। साइबर ठगी को लेकर लोगों से अपील है कि अपना बैंक खाता, डेबिट कार्ड, चेकबुक, पंजीकृत मोबाइल नंबर किसी भी अन्य व्यक्ति को संचालन के लिए न दें। -
डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल