हल्द्वानी। उत्तराखंड आवासीय विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कुलसचिव डॉ. विपिन चंद्र जोशी की प्रति नियुक्ति के आवेदन को शासन ने नामंजूर कर दिया है। मूल रूप से पिथौरागढ़ कॉलेज के रसायन विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विपिन चंद्र जोशी और प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती से भी शासन ने जवाब तलब किया है। इस संबंध में उच्चशिक्षा निदेशक भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिथौरागढ़ महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विपिन चंद्र जोशी ने 25 जून 2018 को उत्तराखंड आवासीय विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलसचिव के पद पर ज्वाइन किया था। अपर मुख्य सचिव डॉ. रणबीर सिंह ने उच्चशिक्षा निदेशक को पत्र में कहा है कि डॉ. विपिन चंद्र जोशी को उत्तराखंड आवासीय विवि अल्मोड़ा में कुलसचिव के रिक्त पद पर प्रति नियुक्ति के लिए विभागीय अनापत्ति प्रदान किया जाना छात्रहित और जनहित में उचित नहीं है
। उन्होंने प्रतिनियुक्ति के लिए विभागीय अनापत्ति प्रदान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को अस्वीकृत कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव ने उच्चशिक्षा निदेशक से इस मामले में तत्काल कार्यवाही कर शासन को अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं। प्रभारी निदेशक डॉ. एससी पंत ने बताया कि शासन के निर्णय के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर डा. जोशी को कुलसचिव के पद से वापस मूल पद पर भेजने की कार्यवाही की जा रही है।