हल्द्वानी। नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (एनडीसीबी) में प्रबंध कमेटी के सदस्यों के निर्वाचन प्रक्रिया के तहत शनिवार को संचालकों नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया संपन्न हुई। कोई भी आपत्ति नहीं आने से सभी 22 दावेदारों की सूची बैंक मुख्यालय में चस्पा कर दी गई है।
सदस्यों का निर्वाचन दस दिसंबर को होना है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत अन्य समितियों में भेजने वाले प्रतिनिधियों के लिए 11 दिसंबर को मतदान होगा। नैनीताल जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि डेलीगेट्स के लिए 36 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। इसमें से 22 लोगों ने नामांकन कराया है। सहकारी समिति ओखलकांडा से दो, कोटाबाग से दो, धारी से एक, बेतालघाट से तीन, भीमताल से एक, रामगढ़ से तीन, रामनगर से दो, हल्द्वानी से दो, जिला स्तरीय सहकारी संघ से तीन, क्रय विक्रय साधन सहकारी समिति से दो और अन्य विशेष समितियों से एक सदस्य ने नामांकन कराया है। सोमवार को नाम वापसी के बाद वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन, चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। जरूरत पड़ने पर 10 दिसंबर को मतदान किया जाएगा। उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित होगा। 11 दिसंबर को सभापति, उप सभापति व अन्य समितियों को भेजने वाले प्रतिनिधियों के नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों को जमा करना, उनकी जांच, आपत्ति प्राप्ति, आपत्तियों का निस्तारण, नाम वापसी, वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन, चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित होंगे।
एक भी आपत्ति नहीं आई, सही पाए गए सभी आवेदन
नैनीताल जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति चुनाव