रानीखेत (अल्मोड़ा)। यहां चिलियानौला स्थित हैड़ाखान मंदिर में विश्व शांति के लिए चल रहे जगदंबा यज्ञ में भाग लेने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. राजेश पायलट की धर्मपत्नी रमा पायलट भी पहुंच चुकी हैं।
रमा पायलट सुबह पुरानी कुटिया से बाबा हैड़ाखान की चरण पादुकाओं को सिर पर रखकर यज्ञ स्थल तक लाई। इसके बाद उन्होंने यज्ञ में भाग लिया। मालूम हो कि रमा पायलट के परिवार की वर्षों से बाबा हैड़ाखान में अगाध श्रद्धा है। वह पिछले कई सालों से हर साल अश्विन नवरात्र में जगदंबा महायज्ञ में भाग लेने के लिए यहां पहुंचती हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष आलोक बनर्जी के नेतृत्व में महायज्ञ हुआ। इसके बाद वहां भजन कीर्तन चलते रहे।
रानीखेत में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम जारी
रानीखेत/ द्वाराहाट। क्षेत्र में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम जारी है। गांधी चौक स्थित पंडाल पर मां दुर्गा को 56 भोग लगाया गया। दिन भर पंडाल में भजन कीर्तन चलते रहे। देर शाम को महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। उधर, बैंक बिल्डिंग स्थित पंडाल पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दिन भर पंडाल में भजन कीर्तनों के स्वर गूंजते रहे। चौबटिया में भी सुबह शाम आरती के बाद भजन कीर्तन का आयोजन चल रहा है। द्वाराहाट में भी दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत कार्यक्रमों की धूम जारी है। रानीखेत के खनियां में भी कार्यक्रम चल रहे हैं।