जहां अक्सर जाम लगता था वहां गाड़ियां हो रही थीं पार्क
अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम लाई रंग
हल्द्वानी। शहर में अमर उजाला फाउंडेशन और गो क्लीन, गो ग्रीन संस्था की ओर से चलाए गए सफाई महा अभियान का बेहद सुखद परिणाम देखने को मिला। गांधी जयंती पर शहर में चलाए गए स्वच्छता महा अभियान के बाद कई स्थानों पर बदला नजर आया।
अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को मुखानी में कपिल कांप्लैक्स के पास सफाई अभियान चलाया। यहां इतनी अधिक मात्रा में कूड़ा जमा था मानो वर्षों से सफाई नहीं की गई हो। कांप्लैक्स परिसर में बिजली की खराब ट्यूब लाइटों, मिट्टी का ढेर और घासफूस पड़ी थी। सड़क किनारे कूड़े से नाली चोक थी और गंदा पानी सड़क पर फैल रहा था। यहां सफाई के दौरान करीब दो सौ कुंतल कूड़ा एकत्रित किया गया। जिसे नगर निगम के चार वाहनों से ट्रंचिंग ग्राउंड में निस्तारित कराया गया। यहां देखा गया कि पहले जहां सड़क पर अक्सर जाम लगा रहता था, वहां सफाई के बाद दो-दो कतारों में गाड़ियां सरपट दौड़ रही थीं। कूड़े के ढेर से अटे पड़े कांप्लैक्स परिसर में सफाई के बाद करीब आठ दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो गई। यह देखकर आसपास के लोगों आश्चर्य जताते हुए इस मुहिम की खूब तारीफ की। इसके अलावा मंडी बाईपास जहां कूड़े के ढेर के सामने से गुजरने में अक्सर बू फैलती रहती थी। कूड़े का बड़ा ढेर लगा रहता था। यहां भी पूरा नजारा बदला दिखा। रामपुर रोड में श्रीराम कैंसर इंस्टीट्यूट के पास भी वर्षों का जमा हुआ कूड़ा निस्तारित किया गया। कमोबेश शहर के तमाम स्थानों पर यही स्थिति देखने को मिली।