भीमताल (नैनीताल)। आज का दिना तू होली घर फना ..., ओ लाली ओ लाली हौसिया ..., मेरी हीरा समधिणी ..., बांजा डाई मुणी मेरी पुष्पा लुकी रै ..., पहाड़ा ठंडो पानी पि वाली..., पारा भीडे की वसंती छोरी ... जैसे कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकगीतों की गूंज पर ग्राफिक एरा के पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों ने रविवार को जमकर धमाल मचाया। मंच पर मौजूद थे लोक गायक और मौका था दो दिनी पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन के समापन अवसर का। वहीं, दूसरे दिन ग्राफिक एरा समूह के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला और पूर्व विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर से सातताल और सातताल से हिडिंबा मंदिर तक ट्रेकिंग की।
पूर्व विद्यार्थियों ने ट्रेकिंग के बाद क्रिकेट मैच खेला। इस दौरान बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों ने डॉ. घनशाला के साथ विश्वविद्यालय की आगे बढ़ाने के लिए भी विचार साझा किए। पूर्व विद्यार्थी हरनीत, वरुण बधवार, जसपाल सिंह विर्क, भारत भूषण, रणधीर आदि ने कहा कि नए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक जीवन की ओर ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा नवीनतम तकनीक के इस्तेमाल में भी दक्षता हासिल करनी चाहिए। शाम को रंगारंग कार्यक्रमों में लोक गायकों ने आवाज का जादू बिखेरा है। सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत गायक नंद किशोर पांडे ने वंदना से की। कार्यक्रम में गायिका माया उपाध्याय, पप्पू कार्की, विशन हरियाल और राकेश खनवाल ने अपनी-अपनी गायकी से सभी का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। समारोह में कुलपति डॉ. संजय जसोला, भीमताल परिसर के निदेशक प्रो. अनिल कुमार बालिगा, डीन डॉ. आरसीएस मेहता, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मनोज लोहनी आदि मौजूद रहे।