शिक्षा महकमे के तहत जिन अतिथि शिक्षकों को जिलों में विद्यालय आवंटित नहीं हो पाए थे, ऐसे शिक्षकों की शनिवार को नैनीताल में काउंसलिंग हुई। देर रात तक चली काउंसलिंग के बाद कुमाऊं मंडल में 341 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है।
इसके अलावा विभाग ने सामान्य संवर्ग के तहत एलटी सामान्य विषय के नौ शिक्षकों को स्थानांतरण के बाद विद्यालय आवंटित कर दिए गए हैं। स्थानांतरण और काउंसलिंग प्रक्रिया नगर के शहीद मेजर राजेश अधिकारी राइंका नैनीताल के सभागार में सुबह 11 बजे से अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) कुमाऊं मंडल सुषमा सिंह के दिशा-निर्देशन में शुरू हुई।
यह प्रक्रिया देर रात तक जारी रही। एलटी संवर्ग में 225 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की गई, जिसमें महिला शाखा के 35 और सामान्य शाखा के 190 शिक्षक शामिल थे। इसके अलावा प्रवक्ता संवर्ग में 116 शिक्षकों में से महिला शाखा के 49 व सामान्य शाखा के 67 शिक्षक शामिल थे।
एडी सुषमा सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के बाद नियुक्त अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति पत्र संबंधित जिलों के जिला शिक्षाधिकारी दफ्तर से आवंटित किए जाएंगे। काउंसलिंग और स्थानांतरण प्रक्रिया संपन्न कराने में मुख्य शिक्षाधिकारी पीएन सिंह, एनबी चंद्र, डीएस राजपूत, वाईएस चौधरी, बजेंद्र जोशी, पूरन सिंह बिष्ट, ललित उपाध्याय, संजय रौतेला, आलोक जोशी, प्रमोद वर्मा, जगमोहन रौतेला, संगीता, मनोज चौधरी, सीएस पंत आदि सफल बनाने में जुटे रहे।