हरीशताल ग्रामसभा में स्थित प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल को बगैर किसी अवकाश के बंद रखने के मामले में विभागीय कार्यवाही हो गई है। अधिकारियों ने दोनों विद्यालय के संबंधित शिक्षकों को निलंबित कर दिया है, जूनियर हाईस्कूल के एक शिक्षक से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बता दें कि पिछले दिनों ओखलकांडा ब्लॉक के हरीशताल ग्रामसभा के तोक चौकुनिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल कई दिनों तक बगैर किसी अवकाश के बंद रहे। ग्राम प्रधान केडी रूबाली और अन्य ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम से शिकायत की थी।
बाद में डीएम के निर्देश पर ग्राम प्रधान रूबाली ने दोनों स्कूलों में अपने ताले डाल दिए थे। उस दौरान नवरात्र अवकाश होने के कारण कुछ दिन स्कूल बंद रहे। डीएम ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सख्त कार्यवाही के निर्देश भी दिए थे।
अब विभागीय अधिकारियों ने बीते दिवस प्राथमिक विद्यालय चौकुनिया में तैनात शिक्षक शूरवीर सिंह और जूनियर हाईस्कूल हरीशताल में तैनात शिक्षक उमेश पनेरू के निलंबन के आदेश जारी कर दिए। डीईओ (बेसिक) गोपाल स्वरूप भारद्वाज ने दोनों शिक्षकों के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि इसी मामले में जूनियर हाईस्कूल हरीशताल में तैनात शिक्षक भीम सिंह मेवाड़ी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इधर, ओखलकांडा की बीईओ आरएस सविता ने बताया कि मल्ला गौनियारों स्थित विद्यालय में व्यवस्था के तहत भेजे शिक्षक दिनेश भट्ट को उनके मूल प्राथमिक विद्यालय चौकुनिया में वापस भेज दिया गया है।