हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय की 15 अप्रैल से प्रस्तावित स्नातक तृतीय वर्ष एवं परास्नातक द्वितीय वर्ष की प्राइवेट परीक्षाएं 15 मई को होंगी। लोकसभा चुनाव के लिए एमबीपीजी समेत तीन कॉलेजों का प्रशासन द्वारा अधिग्रहण करने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया है। परीक्षा कार्यक्रम शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। इसमें 35 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
कुमाऊं विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय पंत ने बताया कि प्राइवेट परीक्षाएं 15 अप्रैल से होनी थीं, लेकिन एमबीपीजी कॉलेज में लोकसभा चुनाव संबंधी कार्य होने के कारण परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ानी पड़ी। इसी तरह रुद्रपुर, काशीपुर, पिथौरागढ़, बागेश्वर में भी प्रशासन द्वारा महाविद्यालयों का कुछ भाग अधिग्रहीत किया गया है। इस कारण परीक्षाएं शुरू होने में दिक्कत आ रही थी। विश्वविद्यालय ने फैसला किया है कि सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही प्राइवेट परीक्षाएं 15 मई से कराई जाएंगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एमबीपीजी कॉलेज का पिछले माह मार्च में ही अधिग्रहण कर लिया गया था। सभी कक्षों को प्रशासन द्वारा लेने के कारण एमबीपीजी कॉलेज को 12 अप्रैल तक छात्र-छात्राओं के लिए पहले ही बंद किया जा चुका है।
15 अप्रैल नहीं, 15 मई से होंगी कुमाऊं विवि की प्राइवेट परीक्षाएं
लोकसभा चुनाव के लिए एमबीपीजी कॉलेज अधिग्रहीत होने पर विवि ने लिया फैसला
स्नातक तृतीय वर्ष और परास्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 35 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे
400 से अधिक सेना के जवान थे परेशान
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के मुताबिक सेना और अर्धसैनिक बलों के 400 से अधिक जवानों ने भी बीए तृतीय वर्ष की प्राइवेट परीक्षा देनी है। जवान भी परीक्षाओं की तिथि को लेकर परेशान थे। क्योंकि अगर 15 अप्रैल से परीक्षाएं होती तो उन्हें कम से कम एक सप्ताह पहले छुट्टी लेकर आना पड़ता। यदि परीक्षाएं नहीं हुईं तो उनकी छुट्टी बेकार जाएगी और दोबारा छुट्टी बड़ी मुश्किल से मिलती।