रेल प्रबंधक डीके सिंह ने किया होलिडे होम का निरीक्षण
नैनीताल। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को नगर स्थित रेलवे गेस्ट हाउस होलिडे होम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होलिडे होम की व्यवस्थाओं को जांचा और व्यवस्थाओं में सुधार लाने को कहा। शनिवार को सिंह नगर स्थित पीआरएस का निरीक्षण कर काठगोदाम को रवाना होंगे। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के रेल प्रबंधक सिंह शुक्रवार को नगर स्थित रेलवे गेस्ट हाउस होलिडे होम पहुंचे। उन्होंने होलिडे होम की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिये। ताकि यहां आने वाले रेलवे कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सिंह ने बताया कि पर्यटन सीजन की शुरुआत हो गई है। इस दौरान विभाग के कर्मचारी भी सरोवरनगरी घूमने आते हैं। इन रेलवे कर्मचारियों के लिए वांछित सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को नगर स्थित दोनों पीआरएस का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर इज्जतनगर एसके सिंह, राजेंद्र सिंह आदि थे।
आज देखेंगे पीआरएस और काठगोदाम स्टेशन
रानीखेत एक्सप्रेस का करेंगे निरीक्षण
नैनीताल। प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत रानीखेत एक्सप्रेस की बोगियों को अंदर की तरफ से सुधारा गया था, जिसका निरीक्षण शनिवार को करेंगे। उन्होंने बताया कि रानीखेत एक्सप्रेस पहाड़ के लोगों की लोकप्रिय ट्रेन रही है। यात्रियों को बेहतर, आरामदेह यात्रा की सुविधा दिलाना विभाग और मंडल की हमेशा प्राथमिकता में रहा है।
आज नहीं दौड़ेंगी दो पैसेंजर ट्रेनें
आज रामनगर और काशीपुर के बीच निरस्त रहेंगी पैसेंजर ट्रेनें
हल्द्वानी/रामनगर (नैनीताल)। मुरादाबाद स्टेशन पर मेगा ब्लॉक के चलते छह अप्रैल को मुरादाबाद-रामनगर पैसेंजर (55321) और रामनगर-मुरादाबाद पैसेंजर (55308) का संचालन मुरादाबाद और काशीपुर के बीच होगा। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मेगा ब्लॉक के कारण इन दोनों ट्रेनों का काशीपुर और रामनगर के बीच संचालन नहीं होगा। रामनगर के स्टेशन प्रभारी एनएस डुंगरियाल ने बताया कि लालकुआं में इंटरलॉकिंग का काम होने के चलते 55313, 55314 भी रामनगर नहीं आएगी। रविवार को चारों ट्रेनें पूर्व समयावधि पर चलेंगी।
बाघ एक्सप्रेस में आने वाले पार्सल की डॉग स्क्वॉयड से चेकिंग
हल्द्वानी। बाघ एक्सप्रेस में शुक्रवार को आने वाली पार्सल सामग्री और काठगोदाम स्थित पार्सल ऑफिस में इज्जतनगर मंडल से आई टीम ने डॉग स्क्वॉयड की मदद से चेकिंग अभियान चलाया। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक रणदीप कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार सुबह 10:30 बजे बाघ एक्सप्रेस में बरेली सिटी आरपीएफ इंस्पेक्टर दुर्गेश सिंह और पार्सल विभाग के सुनील कुमार की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।