नैनीताल। युगमंच का 23वां नैनीताल होली महोत्सव शुरू हो गया है। मां नयना देवी मंदिर में रविवार को खड़ी होली गायन और होली जुलूस से महोत्सव की शुरुआत हुई। चंपावत से आए पामदा, बाराकोट, काकड़ ग्रुप, सांस्कृतिक संस्था पाटी के होल्यारों ने पहले दिन भक्तिपूर्ण होली गीत गाए।
ढोल, हुड़के की थाप पर इन होल्यारों ने ‘अली धूम मची बृज कुंजन’, ‘माई नैना कल्याण करो’, ‘जन्म लियो हरी बृज कुंजन में’, ‘सुमिरो सीताराम’, ‘आयो नवल बसंत’ आदि गीत प्रस्तुत किए। नयना देवी मंदिर में होली गायन के बाद युगमंच के बैनर तले होल्यारों ने मंदिर से रामसेवक सभा प्रांगण तक होली जुलूस निकाला। इस मौके पर सुरेश भट्ट, रवीश पचौरी, चंद्रा पंत को सम्मानित किया गया। इस दौरान नैनी महिला और बाल विकास समिति, नैनी महिला जागृति संस्था के कलाकारों ने भी महिला होली गायन किया। कार्यक्रम में युगमंच संस्था प्रमुख जहूर आलम, राजा साह, मनोज कुमार, भास्कर बिष्ट, नवीन बेगाना, हिमांशु पांडे, प्रदीप पांडे, विनीता यशस्वी आदि थे।
युगमंच का 23वां होली महोत्सव शुरू
आंवल एकादशी पर किया चीर बंधन
नैनीताल। फागोत्सव के कार्यक्रम के तहत श्री रामसेवक सभा में आंवला एकादशी के मौके पर चीर बंधन कर शाम को सभा भवन में बैठकी होली का आयोजन किया गया। इस दौरान सभा के अध्यक्ष मनोज साह, राजेंद्र लाल साह, जगदीश बवाड़ी, विमल चौधरी, अनूप शाही, हिमांशु जोशी, डॉ. मोहित सनवाल, अशोक साह आदि थे। जनहित संस्था की ओर से भी बीएम साह पार्क में होली मिलन हुआ। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, जगमोहन बिष्ट, अशोक साह, बीएस बिष्ट, जगदीश जोशी आदि थे। तल्लीताल व्यापार मंडल की बैठकी होली नवज्योति क्लब में हुई, जिसमें मल्लिका लोककला के बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान ममता जोशी, विनीता पांडे, गीता पांडे, गीता साह, गुंजन जोशी, लीला जोशी आदि थीं।