हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में एक दुकानदार ने छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म कर डाला। मुंह खोलने पर उसने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। चार दिन बाद बच्ची जब स्कूल जाते वक्त रोने लगी तो परिजनों के पूछनेे पर उसने दरिंदे की करतूत बयां की। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ धारा 376, पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी के दो करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची मंगलवार को स्कूल जाते समय अचानक रोने लगी। मां ने कारण पूछा तो उसने बताया कि दुकानदार वसीम उसे रास्ते में पकड़ लेता है और एक निर्माणाधीन मकान में ले जाकर उसके साथ घिनौनी हरकत करता है।
आठ फरवरी को भी उसने बच्ची के साथ ऐसी हरकत की। मासूम ने जब मम्मी पापा से शिकायत करने की बात कही तो दुकानदार ने परिवारवालों को जान से मारने की धमकी दी। परिवार के लोग बच्ची को लेकर मंगलवार शाम थाने पहुंचे। यहां महिला पुलिसकर्मियों ने उससे घटना के बाबत पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश कर रहीं हैं।