हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह को खुली छूट दी है कि अनुशासनहीनता पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद कई नेताओं के मुंह बंद हो जाएंगे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई होती है और इसकी जरूरत कांग्रेस में भी है। प्रदेश प्रभारी को लगता है कि मैंने (इंदिरा हृदयेश) अनुशासनहीनता की है तो मुझे नोटिस दे और किसी अन्य नेता ने अनुशासनहीनता की है तो उन्हें नोटिस दें वे जवाब देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल लाने को कहा है। प्रधानमंत्री को महिला आरक्षण बिल पास कराकर सभी महिलाओं से प्रशंसा लेनी चाहिए।
यह भी कहा
- हल्द्वानी शहर कूड़े से पटा पड़ा है और डबल इंजन की सरकार जनता को राहत नहीं दे पा रही है। कहा कि कूड़े के ढेर प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को मुंह चिढ़ा रहे हैं।
-अतिक्रमण के नाम पर राज्य में जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है। अतिक्रमणकारियों के अलावा नक्शा पास कराने वालों के भी घर तोड़े जा रहे हैं।
-कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा विधायकों ने ही सरकार को कठघरे में खड़ा किया
हल्द्वानी। डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार की कार्यशैली को लेकर भाजपा के ही विधायक में आक्रोश है। भाजपा विधायकों ने भी अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनमानस में साफ संदेश है कि सरकार काम नहीं कर रही है।