भीमताल (नैनीताल)। ठंडी सड़क के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट कार मंगलवार सुबह एक बाइक को टक्कर मारकर रेलिंग तोड़ते हुए भीमताल झील में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कार सवार मामा-भांजे कार को झील में ही छोड़कर फरार हो गए। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया जहां से उसे रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। कार सवार पिथौरागढ़ जिले के एक विधायक के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक दानी राम आर्या ने बताया कि मंगलवार सुबह भीमताल से हल्द्वानी की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डीएल 3पीके 4798 ने बाइक यूके 4 टी 2688 को जोरदार टक्कर मार दी। कार रेलिंग तोड़ते हुए भीमताल में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार भीमताल कुआंताल निवासी रिफाकत अली पुत्र शाहिद अली को गंभीर चोटें आई हैं। उधर, स्विफ्ट कार में सवार मामा अजब सिंह (30) पुत्र हरीश सिंह निवासी फरीदाबाद आनंदपुर और भांजा मलयराज सिंह (19) पुत्र पृथ्वीराज सिंह निवासी डीडीहाट कार झील में ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस के अनुसार कार में सवार युवक मलयराज सिंह भीमताल के डीएमएस कैंपस में इंटीग्रेटेड एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र है। मलयराज सिंह ने अपने पिता पृथ्वीराज सिंह को फोन कर कार से दुर्घटना होने की जानकारी दी। मलयराज ने दोनों के सही होने की बात कहते हुए फोन काट दिया। इसके बाद पिता ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। इधर पुलिस ने कार के झील में गिरे होने की और दोनों युवकों के कार छोड़ भागने की जानकारी आला अधिकारियों को दी है। गंभीर रूप से घायल रिफाकत अली के परिवार की तरफ से पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है।