नैनीताल। अम्तुल्स पब्लिक स्कूल में छेड़छाड़ के बाद मारपीट हो गई। छात्रा को पकड़कर कुछ छात्रों ने ‘आई लव यू’ बोलने को कहा और फिर उसके भागने के बाद उसका पीछा कर उसके भाई को भी लाठी से पीटा, जिससे उसके सिर में चोट आई और टांके लगाने पड़े। मामला तल्लीताल थाने पहुंचा तो पुलिस सभी आरोपी छात्रों को थाने ले आई। रात तक मामले में वार्ता, पूछताछ जारी थी।
गजरौला यूपी से पढ़कर इसी वर्ष यहां आई कक्षा नौ की एक छात्रा बृहस्पतिवार को इंटरवल के समय दोपहर करीब एक बजे लंच के दौरान वाशरूम गई थी। वाशरूम के बाहर कक्षा नौ में पढ़ने वाली उसकी सहपाठी रुकी थी। छात्रा का आरोप है कि एक लड़के ने उसकी सहपाठी से जाने को कहा, जिसके बाद वह चली गई। फिर इन लड़कों ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और एक छात्र से ‘आई लव यू’ कहने को कहा। छात्रा अपने भाई के पास चली गई तो आरोपी भागकर पीछे आए। भाई ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपी छात्रों ने उसे हाथ के कड़े और डंडे से पीटा। टीचर के आने तक सभी आरोपी भाग गए। इसके बाद छात्रा प्रिंसिपल समीर शर्मा के पास शिकायत करने गई, जिस पर उन्होंने आरोपी छात्र को बुलाया और छुट्टी के बाद प्रिंसिपल ने फोन कर परिजनों को भी बुला लिया। छात्र के भाई को बताया कि उसकी चोट में एक टांका लगाया गया। छात्रा की मां और भाई ने स्कूल की प्रिंसिपल, स्कूल की मालकिन सुबोई से भी मामले की शिकायत की। पीड़िता की बहन, एक छोटा भाई भी विद्यालय में ही पढ़ते हैं। रात तक थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने सभी आरोपी छात्रों को बुलाकर उनके बयान दर्ज कर लिए थे। स्कूल की मालकिन सबोई को भी थाने बुलाया गया था।