छात्रसंघ चुनाव में कड़ी सुरक्षा
- फोटो : अमर उजाला
छात्रसंघ चुनाव से पहले हुए विवादों और अराजकता को देखते हुए मंगलवार को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारी पुलिस फोर्स और पीएसी को तैनात किया गया है। चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में छह राजपत्रित अधिकारियों समेत करीब 270 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीएसी की एक कंपनी को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने फोर्स के साथ एमबीपीजी कॉलेज और उसके आसपास के क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। एसएसपी ने बताया कि मंगलवार को छह राजपत्रित अधिकारी, नौ इंस्पेक्टर, 10 एसओ-एसएसआई, 37 दरोगा, 16 महिला एसआई, 30 एडिशनल एसआई, 33 हेडकांस्टेबल, तीन महिला हेड कांस्टेबल, 77 सिपाही, 34 महिला सिपाही, एक एनटी रॉइट, एक टियर गैस यूनिट, दो फायर यूनिट और आईआरबी-पीएसी की एक कंपनी की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मुख्य चौराहों, बेरिकेडिंग पर पुलिस टीम सक्रिय रहेगी। जीरो जोन में कोई भी वाहनों प्रवेश नहीं करेंगे।
छात्रसंघ चुनाव के लिए पर्यवेक्षक और मजिस्ट्रेट नियुक्त
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षक और मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। रयाल ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में मतदान और मतगणना की समस्त कार्रवाई के लिए जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार को पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। अपर जिलाधिकारी विवेक राय जिले भर के छात्रसंघ चुनाव पर नजर रखेंगे।
प्रशासन ने स्कूलों भरोसे छोड़ी बच्चों की सुरक्षा
मंगलवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने नैनीताल रोड और नवाबी रोड के स्कूल प्रबंधकों के लिए एडवाईजरी जारी की है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि चूंकि एमबीपीजी काॅलेज नैनीताल रोड पर स्थित है और चुनाव के दौरान छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्र छात्राओं की खासी भीड़ कालेज के आसपास रहती है। ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को देखते हुए एडवाईजरी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि नैनीताल और नवाबी रोड के विद्यालय प्रबंधकों से कहा गया है कि मंगलवार को या तो वह विद्यालयों में अवकाश घोषित करें या फिर परीक्षा आदि सुबह 11 बजे तक संपन्न करा लें।