पेट्रोल में घटतौली की शिकायत पर एसडीएम के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम शनिवार को बरेली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप में पहुंची। पूछताछ में सेल्समैन ने तकनीकी खराबी के चलते 22 पैसे की घटतौली स्वीकारी। इस पर सेल्समैन और ग्राहक एसडीएम के सामने ही भिड़ पड़े। एसडीएम ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहीं तो ग्राहक और सेल्समैन रफूचक्कर हो गए।
बरेली रोड पर उजाला नगर के पास पेट्रोल पंप में शनिवार सुबह एक ग्राहक प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भराने पहुंचा। उसने पेट्रोल भरवाने के लिए 50 रुपए दिए। सेल्समैन ने 49.28 रुपए का ही पेट्रोल दिया और मशीन बंद कर दी। इससे ग्राहक ने एक नेता को घटतौली की शिकायत कर दी। नेता ने एसडीएम और एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में एसडीएम पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में टीम पेट्रोल पंप पहुंच गई। टीम को देख ग्राहक का भी सीना चौड़ा हुआ और घटतौली का आरोप लगाते हुए सेल्समैन से झगड़ने लगा। पूछताछ में सेल्समैन ने कहा कि तकनीकी खराबी से 22 पैसे कम का पेट्रोल मिला। सेल्समैन और ग्राहक एसडीएम के सामने ही भिड़ गए।
एसडीएम ने जिस बोतल में पेट्रोल भरा गया था उसके साथ दोनों लोगों को खड़ा करवाकर मोबाइल से फोटो खींचा। इसके बाद एसडीएम ने कहा कि सेल्समैन और पंप प्रबंधन घटतौली स्वीकार कर ग्राहक से माफी मांगे। इसी तरह ग्राहक से प्रबंधन और सेल्समैन से माफी मांगने को बोला। सेल्समैन और ग्राहक माफी मांगने को तैयार नहीं हुए। इस बीच एसडीएम ने प्लास्टिक की बोेतल में पेट्रोल लेने और देने के अपराध में दोनों को हिरासत में लेने का आदेश दे दिया। एसडीएम का आदेश सुनकर ही सेल्समैन और ग्राहक भाग खड़े हुए। एसडीएम ने पंप प्रबंधन से दोबारा ऐसी गलती होने पर पंप सीज करने की चेतावनी दी।