हल्द्वानी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में औपबंधिक रूप से कार्यरत शिक्षामित्र एवं मानदेय पर कार्यरत शिक्षामित्रों की सूची 28 मार्च तक हर हाल में मांगी है। निदेशालय का पत्र मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी डीईओ को बुधवार तक सूची भेजने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के अपर निदेशक वीएस रावत ने सभी डीईओ को भेजे पत्र में कहा है कि प्राथमिक विद्यालयों में औपबंधिक रूप से कार्यरत शिक्षा मित्र एवं मानदेय पर कार्यरत शिक्षा मित्रों की संख्यात्मक सूचना उपलब्ध कराई थी, जिसके आधार पर सहायक अध्यापक प्राथमिक के बैकलॉग के रिक्त पदों को भरे जाने के लिए उच्चन्यायालय में योजित विभिन्न अवमानना वादों के संबंध में न्यायालय को अवगत कराया गया है। अपर निदेशक ने डीईओ को जिले में कार्यरत शिक्षा मित्रों की सूची तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मित्रों की सूची हार्ड, सॉफ्ट दोनों प्रतियों में मांगा गया है। यह सूची निर्धारित प्रारूप पर दो दिन के भीतर 28 मार्च तक हर हाल में भेजने को कहा गया है। इसमें शैक्षिक योग्यता के साथ ही शिक्षा मित्रों के अध्यापक पात्रता प्रमाणपत्र की छायाप्रति के साथ ही क्रमांकानुसार भेजने को कहा गया है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने तलब की शिक्षामित्रों की सूची
28 तक सूची न भेजने पर स्वयं जिम्मेदार होंगे डीईओ