हल्द्वानी। गौजाजाली उत्तर की नलकूप ठीक होने के साथ ही छड़ायल सुयाल का नलकूप खराब हो गया। बुधवार शाम जगदंबा नगर स्थित नलकूप की मोटर भी जवाब दे गई। इधर, कुल्यालपुरा में पेयजल सप्लाई ठप रही। छड़ायल सुयाल, जगदंबा नगर नलकूप खराब होने, कुल्यालपुरा में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी पेयजल किल्लत से जूझ रही है।
छड़ायल सुयाल नलकूप से छड़ायल, जयदेवपुर, जगदंबा नगर नलकूप से नवाबी रोड, जगदंबा नगर आदि इलाकों में पेयजल सप्लाई की जाती है। कुल्यालपुरा के दुर्गा कॉलोनी में टैंकरों से पानी बांटा गया। पार्षद रवि वाल्मीकि ने जलसंस्थान के अधिकारियों से पेयजल सप्लाई सुचारु करने की मांग की है। इधर, जलसंस्थान के एई चंदन देवड़ी ने बताया कि जगदंबा नगर नलकूप की मरम्मत शुरू करा दी गई है।
अब जगदंबा नगर नलकूप की मोटर भी फुंकी
20 हजार की आबादी पेयजल को तरसी
पानी नहीं आने से क्षेत्रवासी परेशान
गरमपानी (नैनीताल)। पिछले दिनों हुई बारिश से खैरना, गरमपानी बाजार में मेन स्रोत के पास लाइन टूटने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। लोगों की बृहस्पतिवार शाम तक हैंडपंपों पर कतार लगी रही। एई डीएस बिष्ट ने बताया दोपाखी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। शुक्रवार सुबह से पेयजल व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
घरों में आया लाल पानी, 300 परिवार परेशान
शिकायत के बाद भी अधिकारियों की नहीं टूट रही है नींद
हल्द्वानी। शिवपुरी हल्दूचौड़ में तीन दिन से लाल पानी आ रहा है। इस कारण 300 परिवार परेशान हैं। उधर, जलसंस्थान के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
हल्दूचौड़ से सटी कॉलोनी शिवपुरी, इंदिरा आवास, हर्ष विहार में तीन दिन से नलों में लाल पानी आ रहा है। कॉलोनीवासी पंकज मिश्रा, गोपाल पांडे, चारू जोशी, पूरन जोशी, बहादुर सिंह करायत, सुरेश शर्मा आदि का आरोप है कि जलसंस्थान के अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्हें बाजार से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। उधर, जलसंस्थान लालकुआं खंड के ईई नंदकिशोर को कई बार फोन मिलाया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप से मैसेज किया गया तो उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को जेई से इसकी जांच कराई गई, लेकिन लाल पानी आने की कहीं शिकायत नहीं मिली। जरूरत पड़ी तो शुक्रवार सुबह दोबारा पानी चेक कराया जाएगा।
बेतालघाट की 12 ग्राम सभाओं को जल संकट से मिलेगी निजात
बेतालघाट में मझेड़ा-व्यासी पंपिंग पेयजल योजना स्वीकृत
भवाली (नैनीताल)। विकासखंड बेतालघाट की बहुप्रतीक्षित मझेड़ा-व्यासी पंपिंग पेयजल योजना को शासन से स्वीकृति मिल गई है। योजना को राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम (एनआरडीडब्ल्यूपी) के तहत स्वीकृति मिली है। योजना के लिए पहले चरण के कार्य के लिए पहली किश्त के दो करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो चुके हैं। योजना स्वीकृत होने से क्षेत्र के 12 ग्रामसभाओं की हजारों की आबादी को पीने का पानी उपलब्ध हो सकेगा।
मजेड़ा-व्यासी पंपिंग पेयजल योजना की क्षेत्रवासी वर्षों से मांग कर रहे थे। काबीना मंत्री यशपाल आर्य एवं उनके स्थानीय विधायक संजीव आर्य ने इस योजना को भारत सरकार की एनआरडीडब्ल्यूपी के तहत स्वीकृत कराने का जिम्मा उठाया था। अब योजना को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है। 4.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना में प्रथम किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो चुके हैं। इस पेयजल योजना से लगभग 12 ग्राम सभाओं को पेयजल की गंभीर समस्या से निजात मिलेगी। शासन में संयुक्त सचिव महावीर सिंह चौहान ने संयुक्त अधिशासी अधिकारी, राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन देहरादून को योजना के स्वीकृति संबंधी पत्र भेजा है। उन्होंने बताया है कि एनआरडीडब्ल्यूपी के तहत 11 जनवरी को योजना को अनुमोदन दिया गया है। इसके बाद 23 जनवरी को योजना से संबंधित क्रियान्वयन आदेश जारी किए गए हैं। क्षेत्रीय विधायक संजीव आर्य ने कहा कि योजना की स्वीकृति के बाद लोगों की पेयजल समस्या का समाधान हो सकेगा। क्षेत्र के विकास के लिए वह सदैव तत्पर है।