हल्द्वानी। शिक्षा विभाग ने सर्वशिक्षा अभियान के तहत विभिन्न मदों में ब्लॉकों को राशि अवमुक्त कर दी है। समावेशी शिक्षा के तहत 101 दिव्यांग बालिकाओं के लिए प्रति बालिका दो-दो हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
जिला परियोजना अधिकारी गोपाल स्वरूप भारद्वाज की ओर से जारी सभी विकासखंडों के उपशिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा है। दिव्यांग बालिकाओं के लिए हल्द्वानी ब्लॉक को 42 हजार, कोटाबाग को 20,000, रामनगर को 40,000, भीमताल को 20,000, धारी को 20,000, रामगढ़ को 20,000, बेतालघाट को 20,000, ओखलकांडा ब्लॉक को 20,000 रुपये की राशि अवमुक्त की गई है। समावेशित शिक्षा के तहत सभी विकासखंडों में अभिभावक परामर्श शिविर आयोजित करने को भी कहा गया है। इसके लिए सभी विकास खंडों को 15-15 हजार रुपये की राशि अवमुक्त की गई है। इस कार्यक्रम में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को विद्यालय में नामांकन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए उनके माता-पिता एवं अभिभावकों का एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। गृह आधारित शिक्षण के तहत जिले के 79 बालिकाओं केलिए 2,76,500 रुपये अवमुक्त किए गए हैं। यह राशि प्रति बालिका 3500 की दर से दी गई है। मैथ्स विजर्ड एवं स्पेलिंग जीनियस की प्रतियोगिताओं की 3,40,700 रुपये धनराशि अवमुक्त की गई है।
जिले की 101 दिव्यांग बालिकाओं को मिलेंगे दो-दो हजार
शिक्षा विभाग प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित करेगा अभिभावक परामर्श शिविर