रानीखेत (अल्मोड़ा)। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने यहां राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा प्रबंधन समिति संचालक मंडल की बैठक लेकर रोगियों की हर सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भिकियासैंण से दंत रोग विशेषज्ञ सप्ताह में दो दिन रानीखेत अस्पताल में बैठेंगे। सदस्यों ने डीएम के समक्ष अस्पताल में एक्सरे मशीन के खराब होने से आ रही समस्याओं को रखा।
बैठक में डीएम ने कहा कि बाहर से उपचार के लिए आने वाले रोगियों की हर सुविधा का ध्यान रखा जाना चाहिए। समिति के सदस्यों अस्पताल में खराब पड़ी डिजिटल एक्स रे मशीन को ठीक करने, यहां दंत और ईएनटी चिकित्सक की तैनाती करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय अस्पताल भिकियासैंण से दंत चिकित्सक सप्ताह में दो दिन रानीखेत अस्पताल में सेवाएं देंगे। समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने समिति का गठन करने पर जोर दिया। अस्पताल की सुरक्षा दीवार के लिए आगणन बनाने को कहा।
डीएम ने अस्पताल में कैंटीन से संचालित होने वाली भोजन व्यवस्था पर नाराजगी जताई। सीएमएस डॉ. डीएस नेगी से इन पर नजर रखने को कहा। व्यवस्था सही नहीं पाई जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत 21 नवंबर से प्रस्तावित पुरुष नसबंदी पखवाड़े के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट हिमांशु खुराना, विधायक प्रतिनिधि दीपक पंत, सांसद प्रतिनिधि दीप भगत, तहसीलदार नितेष डांगर, सीएमओ डॉ. विनीता शाह, कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।