अल्मोड़ा। वैज्ञानिक काफी समय से मान रहे हैं कि मौसम चक्र बदल रहा है। यही वजह है कि कई बार जाड़े में बारिश और बर्फबारी नहीं होती और अप्रैल-मई में बारिश होने लगती है। इस साल भी कुछ ऐसा ही परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है। जाड़े के सीजन में अक्तूबर से लेकर फरवरी तक सिर्फ 25 मिमी बारिश हुई जबकि एक मार्च से 11 अप्रैल के बीच ही 39.1 मिमी बारिश हो चुकी है। आगे भी बारिश की संभावना बनी है।
मौसम चक्र का यह बदलाव फसलों के लिहाज से खराब माना जा रहा है।
ग्लोबल वार्मिंग और अन्य कारणों से वैश्विक स्तर पर हो रहे जलवायु परिवर्तन का असर पिछले काफी समय से दिखाई पड़ रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसका असर मौसम चक्र पर भी पड़ने लगा है। आंकड़ों के मुताबिक अल्मोड़ा और आसपास के पहाड़ी इलाकों में जाड़ों के सीजन में औसतन 120 मिमी बारिश होती थी।
बारिश के साथ अच्छी बर्फबारी भी हुआ करती थी। जाड़ों के सीजन में होने वाली बारिश और बर्फबारी से जहां रबी की फसल अच्छी होती है, वहीं जलस्रोत भी रिचार्ज होते हैं, लेकिन इस बार जाड़े के चार महीनों में सिर्फ 25 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। यह औसत बारिश का करीब 20 प्रतिशत है। जाड़ों में बारिश नहीं होने से रबी की फसलों को 25 से 30 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। अब जबकि गेहूं सहित रबी की फसलें तैयार हो चुकी हैं तो बारिश और ओलावृष्टि से इन फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।