भीमताल (नैनीताल)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर नगर पंचायत की सीमा में आसपास के गांवों को शामिल करने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कांग्रेस शासन में जारी अधिसूचना के तहत बगैर सीमा विस्तार के भीमताल को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने ऐसा नहीं किया तो कांग्रेसजन सरकार के खिलाफ आम जनता को साथ लेकर आंदोलन करेंगे।
सीडीओ के माध्यम से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेसजनों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनता को विश्वास में लिए बगैर भीमताल ब्लाक के सांगुड़ीगांव, सौनगांव, मेहरागांव, जून स्टेट, भक्त्यूड़ा, ढुंगशिल, पांडेगांव, नौल, बिजरौली, थपलिया मेहरागांव, बोहरागांव, सिलौटी व चनौती आदि गांवों को नगर पंचायत में शामिल किया जा रहा है जबकि उक्त ग्राम पंचायतों के लोग सरकार की इस कार्रवाई का शुरू से ही विरोध करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसी साल तीन जनवरी को कांग्रेस सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर बगैर सीमा विस्तार के भीमताल को नगर पालिका का दर्जा दे दिया था लेकिन भाजपा सरकार ने इसे भी नहीं माना है। यदि जबरन सीमा विस्तार कर गांवों को नगर पालिका में शामिल किया गया तो कांग्रेसी आंदोलन को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में डीके डालाकोटी, पुष्कर सिंह मेहरा, रामपाल सिंह गंगोला, भूपेश कन्नौजिया, विपिन सनवाल, मदन रावत, आशा आर्या, जीवंती आर्या, हेमा परगाई, रीना आर्या, प्रमोद कुमार, सुनील सांगुड़ी, दानिश खान, देवेंद्र चनौतिया आदि शामिल थे।