भवाली (नैनीताल)। ग्राम पंचायतों को निकायों में शामिल करने के विरोध में बृहस्पतिवार को विकास खंड भीमताल के डोब, ल्वेशाल गांव में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों ने नारेबाजी कर जुलूस निकाला। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर से ग्राम पंचायतों को निकायों में शामिल करने का विरोध किया। तय किया गया कि इस आदेश को वापस लेने तक आंदोलन किया जाएगा।
जुलूस से पहले हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख गीता बिष्ट ने कहा कि किसी भी दशा में गांवों को नगर पालिका में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तो पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण आंदोलित हैं। जरूरत पड़ेगी तो सरकार की इस कार्रवाई के विरोध में न्यायालय की भी शरण ली जाएगी। उन्होंने कहा कि निकायों में शामिल होने के बाद पंचायतों में रह रहे ग्रामीण मनरेगा समेत कई योजनाओं से वंचित हो जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने पंचायतों को निकायों में शामिल करने से ग्रामीणों के हक हकूक पूरी तरह से बंद हो जाएंगे और ग्रामीणों को अतिरिक्त करों का भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अधिकांश निकाय स्वयं वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं।