हल्द्वानी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को 31 अक्तूबर तक कुमाऊं की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढा मुक्त करनेे के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़कों पर कराए जा रहे गड्ढामुक्त कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। मुख्य अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता स्तर तक के अधिकारियों को स्वयं भी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए
कैंप कार्यालय में शुक्रवार को आयुक्त रावत ने मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई एवं नगर निगम के अधिकारियों को इस कार्य में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। कहा प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट फोटो के साथ उन्हें उपलब्ध कराई जाए। दीपावली से पूर्व सभी नगरीय क्षेत्र के मार्गों को गड्ढा मुक्त करने के लिए अधिक संख्या में मशीनरी लगाई जाए। मुख्य सड़क के अतिरिक्त ग्रामीण मार्गों को भी प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त कराया जाए।
-
अधिकारी बोले अब तक इतनी सड़कें हुई गड्ढा मुक्त
बैठक के दौरान लोनिवि के मुख्य अभियंता ने बताया कि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 343 किलोमीटर लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 162 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में 1027 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 480 किमी सड़क गड्ढा मुक्त हो चुकी हैं। पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मंडल में 635 किमी के सापेक्ष 102 किमी सड़कें गढ्ढामुक्त हो गई हैं।
-
यहां चल रहा है कार्य
एनएच के एसई ने बताया कि काठगोदाम-नैनीताल, काशीपुर-रामनगर, ज्योलीकोट-भवाली-क्वारब एवं काशीपुर नगर क्षेत्र की सड़कों में कार्य चल रहा है। दीपावली के बाद अधिकतर सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लिया जाएगा। उन्होंने बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत क्षेत्र में सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लिया गया है।
-
नगर निगम ने चार किमी सड़कें ही गड्ढा मुक्त
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में लोनिवि और यूयूएसडीए सड़कों को गड्ढा मुक्त कर रहा है। नगर निगम ने 25 किलोमीटर लक्ष्य के सापेक्ष चार किलोमीटर आंतरिक लिंक मार्गों को गड्ढा मुक्त कर दिया है। यूयूएसडीए की ओर से 217 के सापेक्ष से 180 किमी सड़क मार्ग को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है।
यह रहे मौजूद
बैठक में मुख्य अभियंता लोनिवि पीएस बृजवाल, मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई मोहम्मद आरिफ खान,अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश चंद्र पांगती, अधीक्षण लोनिवि अल्मोड़ा हरीश कुमार शर्मा, नैनीताल मनोहर सिंह धर्मशक्तू, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या कुमाऊँ ललित मोहन तिवारी, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, नगर आयुक्त रुद्रपुर नरेश दुर्गापाल, काशीपुर रविन्द्र सिंह सहित पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर व अन्य जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।