मुक्तेश्वर (नैनीताल)। पूर्णागिरि माता के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार दो युवक रविवार रात रुद्रपुर में कार से टकराकर गिरे और ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मृत्यु हो गई। उनकी मौत से गांव में मातम पसरा है, जबकि दोनों अविवाहित युवक खेती करते थे।
धारी तहसील की ग्रामसभा बना के तोक बुडी बना निवासी भूपाल सिंह (24) पुत्र नारायण सिंह और रघु बिष्ट (25) पुत्र दीवान सिंह शनिवार को पूर्णागिरि मंदिर गए थे। रविवार रात देवी के दर्शन कर दोनों रुद्रपुर होकर हल्द्वानी लौट रहे थे कि रुद्रपुर के पारले चौक के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रुद्रपुर अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पूरे गांव में मातम छाया है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक इंटर की पढ़ाई के बाद खेतीबाड़ी करते थे, लेकिन रविवार रात सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौत ने परिजनों को तोड़ कर रख दिया है। सोमवार को दोनों युवकों के शव गांव पहुंचने के बाद अंत्येष्टि कर दी गई।
खेती कर आजीविका चलाते थे दोनों युवक
रुद्रपुर हादसे में बुडी बना गांव धारी के दो युवकों की मौत
पूर्णागिरि माता के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को कार ने गिराया, ट्रक ने रौंदा