हल्द्वानी। बंगलूरू में चल रही नेशनल सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं। एकल में अदिति और डबल में शिवम-प्रणव की जोड़ी ने स्वर्ण दिलाया।
उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष बीएस मनकोटी ने बताया कि बंगलूरू में 27 से दो नवंबर तक चले टूर्नामेंट में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बताया कि रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-17 बालिकाओं के एकल में उत्तराखंड की अदिति भट्ट ने कर्नाटक की जाननी अनंत कुमार को 17-21, 21-15 और 21-12 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 में अदिति राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रदेश की पहली बालिका बनीं। अंडर-15 बालकों के युगल में उत्तराखंड के शिवम, प्रणव की जोड़ी ने तमिलनाडु और पुडुचेरी की साई यकला, सतक्षय सिंह की जोड़ी को हराया। चिराग सेन के बाद अंडर-17 युगल में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रदेश की दूसरी जोड़ी बनी। खिलाड़ियों की सफलता पर कोच डीके सेन, लोकेश नेगी, मैनेजर गोकुल मेहता को प्रदेश बैडमिंटन संघ ने बधाई दी है।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने जीते दो स्वर्ण
बंगलूरू में सब जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप