हल्द्वानी। स्थानीय प्रशासन और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। नैनीताल रोड में वीयरशिवा स्कूल के पास से कॉल टैक्स तक फुटपाथ खाली कराया गया। इस दौरान फुटपाथ पर लगाए गए बोर्ड और अन्य प्रचार सामग्री नगर निगम की टीम ने जब्त कर ली।
मंगलवार को एसडीएम एपी बाजपेयी के नेतृत्व में निकली टीम ने वीयरशिवा स्कूल से काठगोदाम की ओर अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ में लगाए गए फड़ खोखों के अलावा लोहे की सीढ़ी व टेढ़ी पुलिया के समीप एक मौल के आगे फुटपाथ में रखे गए मौल के गार्ड हाउस को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
नैनीताल रोड में जैसे ही लोगों को अतिक्रमण हटाने की जानकारी मिली तो लोग खुद ही फुटपाथ पर रखे सामान को समेटने लगे। अधिकतर कारोबारियों ने टीम के पहुंचने से पहले ही फुटपाथ खाली कर दिया था। टीम को फुटपाथ में केवल दुकानों की प्रचार सामग्री व साइन बोर्ड ही मिले जिन्हें जब्त कर लिया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी एपी बाजपेयी, प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी राहुल शाह, प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र सिंह चौहान आदि शामिल थे।
पुलिस सवा घंटे बाद पहुंची
हल्द्वानी। मंगलवार को अतिक्रमण हटाने निकली टीम को बगैर पुलिस फोर्स के ही अतिक्रमण हटाने निकलना पड़ा। अधिकारियों के बार-बार फोन करने के बावजूद पुलिस फोर्स सवा घंटे के बाद मौके पर पहुंची तब तक फुटपाथ का एक बड़ा हिस्सा साफ किया जा चुका था।
मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय के सरकारी बैठक में व्यस्त होने के कारण टीम का नेतृत्व में उपजिलाधिकारी एपी बाजपेयी को सौंपा गया था। एसडीएम और नगर निगम के प्रभारी सहायक नगर आयुक्त दोनों ही दलबल के साथ तीन बजे नगर निगम के बाहर पहुंच चुके थे लेकिन पुलिस नदारद थी। बार बार फोन करने के बाद भी जब पुलिस फोर्स नहीं पहुंची तो अधिकारी बगैर फोर्स के ही अतिक्रमण हटाने निकल दिए। लगभग सवा घंटे बाद टीम जब टेड़ी पुलिया में अतिक्रमण हटवा रही थी तब एक एएसआई पुलिस कर्मियों के साथ वहां पहुंचे।
प्रदर्शन को रखा सोलर सिस्टम भी किया जब्त
हल्द्वानी। नगर निगम कर्मचारियों ने फुटपाथ पर डिस्प्ले के लिए रखा सोलर सिस्टम भी जब्त कर लिया। दुकानदार अधिकारियों से सोलर सिस्टम वापस करने की मांग करते रहा लेकिन अधिकारियों ने नहीं सुनी। वहीं टेढ़ी पुलिया के पास एक दुकानदार एसडीएम के पास आकर बोला साहब मेरा बोर्ड वापस करा दें। एसडीएम ने कहा कि नया बोर्ड बनवा लें लेकिन लगाना दुकान के भीतर ही।