भीमताल (नैनीताल)। बाईपास मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय के पास बृहस्पतिवार देर रात एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव की शिनाख्त एक निजी स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में की गई।
एसआई त्रिलोचन जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम एक सैलानी ने सूचना दी कि बाईपास मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को भीमताल सीएचसी ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तल्लीताल स्थित हरमन माइनर स्कूल में चतुर्थ श्रेणी के पद में तैनात लक्ष्मी दत्त पलड़िया (46) पुत्र पुरुषोत्तम दत्त निवासी खैरौला पंत के रूप में हुई। शव की शिनाख्त व्यक्ति के भाई गणेश दत्त पलड़िया ने अस्पताल पहुंचकर की। एसआई जोशी के मुताबिक मृतक लक्ष्मी दत्त को एक साल पहले सड़क दुघर्टना में चोटें आईं थीं। इस कारण उसके सिर का ऑपरेशन हुआ था। तभी से लक्ष्मीदत्त को चक्कर आते थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि चक्कर आने से ही लक्ष्मी बृहस्पतिवार को गिरे होंगे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, हरमन माइनर स्कूल के प्रधानाचार्य आरके वाधवा ने बताया कि मुख्य कार्यालय को कर्मचारी की मौत की सूचना दे दी गई हैं। प्रबंधन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और पत्नी को नौकरी देने की मांग की गई है। मृतक लक्ष्मी दत्त पलड़िया, पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ खैरौला के पंत गांव में रहता थाद्घ
19बीटीएल02पी