हल्द्वानी। कुमाऊं में मर्म चिकित्सा की उपलब्धता को सहज बनाने के लिए अब अमर उजाला फाउंडेशन और मृत्युंजय मिशन मिलकर हल्द्वानी में मर्म चिकित्सा केंद्र की स्थापना कर रहे हैं। सोमवार, 15 जनवरी को मुखानी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय और पंचकर्म केंद्र लालडांठ के परिसर में मृत्युंजय पुण्यशाला के नाम से इस केंद्र को शुरू किया जा रहा है।
मृत्युंजय मिशन हरिद्वार और अमर उजाला फाउंडेशन का मर्म चिकित्सा केंद्र शुरू करने का यह कुमाऊं में पहला साझा प्रयास है। इस मर्म चिकित्सा केंद्र में चिकित्सीय सेवाएं मृत्युंजय मिशन के प्रशिक्षित मर्म चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। आधारभूत ढांचे के विकास में अमर उजाला फाउंडेशन और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं पंचकर्म केंद्र का सहयोग रहेगा। शुरूआत में हर सप्ताह तीन दिन (सोमवार, बुधवार और शुक्रवार) दोपहर बारह बजे से लेकर दो बजे तक केंद्र में निशुल्क मर्म चिकित्सा उपलब्ध होगी।
15 जनवरी को मृत्युंजय पुण्यशाला केंद्र के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुमाऊं मंडलायुक्त चंद्रशेखर भट्ट होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा करेंगे। उद्घाटन समारोह दोपहर बाद एक बजे आयोजित किया जाएगा।