हल्द्वानी। दीपावली के मद्देनजर सोमवार से शहर में बदली हुई यातायात व्यवस्था लागू हो जाएगी। आप खरीदारी करने जा रहे हैं तो बाजार में पैदल ही जाएं। बसों और ट्रकों के आवागमन में भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार पर्वतीय मार्गों से आने वाले वाहन पेट्रोलियम पदार्थों की गाड़ियां, पर्यटक बसें, टैक्सियां नारीमन तिराहे से गौला बाईपास होकर बरेली रोड, रामपुर रोड के लिए निकलेंगी। रोडवेज, केमू की बसें काठगोदाम से मुख्य मार्ग से होते हुए रोडवेज स्टेशन तक आएंगी। बरेली, रामपुर रोड से आने वाली रोडवेज बसें तीनपानी तिराहे से गौलापुल से थाना बनभूलपुरा ताज चौराहे से होकर रोडवेज बस अड्डे तक पहुंचेगी। इंटरसिटी बसों का आवागमन रोड की तरह रहेगा। सिडकुल की बसें आईटीआई तिराहे से मुखानी नहर कवरिंग रोड से होकर अपने गंतव्य स्थल को जाएंगी। काठगोदाम की तरफ से आने वाले सभी हल्के चारपहिया वाहन कॉलटैक्स से नहर कवरिंग मुखानी चौराहे से होकर जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले हल्के चारपहिया वाहन एफटीआई से आईटीआई रोड से नहर कवरिंग मुखानी चौराहा, पनचक्की चौराहे से काठगोदाम जाएंगे। बरेली रोड से आने वाले वाहन तीन पानी बाईपास से गौलापुल, काठगोदाम होकर अपने गंतव्य स्थल को जाएंगे। शेष हल्के चार पहिया वाहन गांधी स्कूल तिराहे से आईटीआई रोड नहर कवरिंग होते हुए काठगोदाम जाएंगे।
तीन दिन टेंपो स्टैंड के स्थान परिवर्तित रहेंगे
यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा के अनुसार 16 से 19 अक्तूबर तक के लिए टेंपो स्टैंड कालाढूंगी रोड से जेल रोड पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसी प्रकार बरेली रोड पर टेंपो स्टैंड भगवान मार्बल के सामने स्थानांतरित होगा। ओके होटल से मंगलपड़ाव तिराहा, कालाढूंगी चौराहे से जेल रोड तिराहे तक ई रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित होगा।
बाजार में लगेंगे बैरियर
वाहनों को रोकने के लिए बाजार सिंधी चौराहा, कालूसिद्ध मंदिर के सामने, ओके होटल, पटेल चौराहा, रामलीला परिसर तिराहा, ताज चौराहे पर पुलिस बैरियर लगाएंगी। अंदर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। लोग पैदल ही बाजार में खरीदारी करेंगे।
पुलिस चालान की जगह जाम हटाने पर देगी ध्यान
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने दीपावली त्योहार के मद्देनजर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों को स्टेशन नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। बाजार में सीपीयू, पुलिस की टीम चालान पर ध्यान देने की जगह जाम को हटाने, यातायात सुधारने के लिए काम करेगी। उचक्कों के संभावित स्थानों, बाजार मेें सादे कपड़ों में महिला, पुरुष फोर्स मुस्तैद रहेगी। बाजार में उचक्कों को पकड़ने के लिए पुलिस तत्परता दिखाएगी।