नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. डीके नौड़ियाल का इस्तीफा मंजूर होने के बाद अब नए वीसी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वीसी बनने के लिए कई प्रोफेसर, प्रशासनिक अधिकारी दावेदार हैं।
नए वीसी के सामने कई चुनौतियां भी होंगी। फिलहाल स्थायी वीसी की तैनाती मुश्किल है। विवि सूत्रों का कहना है कि नए वीसी की स्थायी तैनाती में कम से कम छह महीने का समय लगेगा। छह महीने की इस अवधि में विवि में कार्यवाहक वीसी की तैनाती की जानी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही विवि में नए वीसी की तैनाती हो जाएगी। नए वीसी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सत्र को नियमित करना होगा क्योंकि परीक्षाएं पिछड़ रहीं हैं। लोकसभा चुनाव की मतगणना के कारण एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में परीक्षाएं देर से शुरू और खत्म होंगी। ऐसे में जाहिर है कि परीक्षा परिणाम और अगला सत्र भी पिछड़ जाएगा। अक्तूबर में दीक्षांत समारोह होना है। पिछले दिनों हुई ईसी की बैठक में सहमति बन चुकी है कि समारोह में राष्ट्रपति को बुलाया जाना है। ईसी में पास हुए प्रस्ताव के अनुसार नए वीसी को काम करना होगा। नैक का मूल्यांकन भी नए वीसी के सामने एक चुनौती होगी।
समय से रिजल्ट, राष्ट्रपति को बुलाना नए वीसी की चुनौती
छह महीने तक कार्यवाहक वीसी चलाएंगे कुमाऊं विवि
स्थायी वीसी की प्रक्रिया पूरी करने में लग सकता है छह महीने का समय