नैनीताल। उत्तराखंड बार काउंसिल का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य (बीसीआई) छह मई को चुना जाएगा। इसी दिन मतगणना के बाद दोपहर एक बजे विजेताओं की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी बीसी कांडपाल ने शनिवार को बार काउंसिल भवन में बताया कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया से चुनाव के लिए अनुमोदन मिल चुका है। चार मई को सुबह दस से शाम चार बजे तक बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड कार्यालय नैनीताल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) और अन्य समितियों के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों का निरीक्षण एवं सूची का प्रकाशन चार मई को शाम सवा चार बजे किया जाएगा। पांच मई को सुबह दस से शाम चार बजे तक नाम वापसी होगी। छह मई को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य बीसीआई के लिए सुबह 11:15 बजे से मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर दोपहर एक बजे तक विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। कुल 21 मतदाता पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे, जिनमें बार काउंसिल के 20 निर्वाचित सदस्य एवं एक महाधिवक्ता शामिल होंगे।
राज्य में 2015 के बाद बार काउंसिल के चुनाव नहीं हुए थे। लंबे समय के बाद चुनाव होने के कारण संभावित प्रत्याशियों में काफी जोश है। प्रत्याशियों ने अभी से अपने पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। कार्यालय अधीक्षक हिमानी जोशी ने बताया कि सभी 20 निर्वाचित सदस्यों को नामांकन पत्र भेजे जा चुके हैं। उसी दिन दस अनुशासन समिति, एक कार्यकारिणी समिति, नियम समिति, अधिवक्ता हितकारी समिति, कानूनी सहायता समिति, रोल समिति, अखिल भारतीय बार काउंसिल अधिवक्ता कल्याणकारी समिति के दो सदस्य, उत्तराखंड अधिवक्ता कल्याणकारी निधि न्यासी समिति ट्रस्ट कमेटी के दो सदस्यों का भी चुनाव होगा। इस दौरान बार काउंसिल सचिव विजय सिंह, हाईकोर्ट कार्यालय अधीक्षक हिमानी जोशी आदि थे।
छह मई को होगा उत्तराखंड बार काउंसिल का चुनाव
चुनाव अधिसूचना जारी, 21 वोटर चुनेंगे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य