नैनीताल। स्ट्रीट लाइटों में खराबी को लेकर पालिका सभासद एक बार फिर मुखर हुए। मंगलवार को सभासदों ने पालिका कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना, प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में स्ट्रीट लाइटें नहीं सुधरी तो वह अनशन पर बैठेंगे। हालांकि पालिकाध्यक्ष का कहना है कि कुछ सभासद सत्ता पक्ष के दबाव में आकर पालिका को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
नगर में स्ट्रीट लाइटों में खराबी को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही है। एक बार फिर पालिका प्रशासन और कुछ पालिका सभासद आमने सामने आ गए। कृष्णापुर के सभासद कैलाश रौतेला, अयारपाटा के सभासद मनोज साह जगाती, नारायणनगर वार्ड के सभासद भगवत रावत ने पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को तीनों सभासदों ने पालिका कार्यालय के सामने दो घंटे तक धरना, प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने तीन दिन में स्ट्रीट लाइटों की समस्या न सुलझने पर अनशन की चेतावनी दी। पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने बताया कि कुछ सभासदों ने सत्ता पक्ष के दबाव में आकर पालिका को बदनाम करने का प्रयास किया है। स्ट्रीट लाइटों में खराबी की समस्या पालिका उक्त ठेकेदार से अनुबंध समाप्त करने का निर्णय ले चुकी है। इसकी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता प्रभावी होने से नए ठेकेदार को ठेका नहीं दिया जा सकता, जिससे समस्या नहीं सुलझ सकी है। आचार संहिता समाप्त होते ही स्ट्रीट लाइटों को ठेके पर संचालित करने के लिए नए सिरे से प्रक्रिया की जाएगी।
स्ट्रीट लाइटों में खराबी को लेकर सभासद फिर मुखर
पालिका कार्यालय के बाहर सभासदों ने किया धरना, प्रदर्शन