हल्द्वानी। जलसंस्थान ने पेयजल उपभोक्ताओं के कनेक्शनों में मीटर लगाने के लिए उनका सर्वे शुरू कर दिया है। काठगोदाम सब डिवीजन से इसकी शुरूआत की गई है। पहले चरण में क्षेत्र के सभी कामर्शियल कनेक्शनों में मीटर लगाए जाएंगे। बाद में घरेलू कनेक्शनों पर भी मीटर लगाए जाएंगे। पहले चरण के लिए जलसंस्थान ने पहले चरण के लिए करीब छह हजार मीटर खरीदे हैं।
जलसंस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में कई उपभोक्ताओं की शिकायत रहती है कि उनके पेयजल की खपत से अधिक धनराशि का बिल उन्हें थमाया जा रहा है। इसके अलावा कई कनेक्शन लोगों के व्यक्तिगत नाम से होने के कारण यह भी नहीं पता चल पाता है कि यह कनेक्शन घरेलू है या व्यावसायिक। व्यावसायिक होने पर कनेक्शन की प्रवृत्ति का भी सही आकलन नहीं किया गया है। कामर्शियल कनेक्शन होने पर उसकी खपत आदि का भी सटीक अनुमान नहीं लग पाता है। कई उपभोक्ताओं के पास वर्षों से पेयजल बिलों की बकाया राशि भी है। इसे देखते हुए विभाग ने सभी कनेक्शनों में मीटर लगाने की निर्णय लिया है। पहले कामर्शियल कनेक्शन चिह्नित कर उनमें मीटर लगाए जाएंगे। कामर्शियल कनेक्शनों का सर्वे शुरू करा दिया गया है। अधिशासी अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि अब सभी कनेक्शनों में मीटर अनिवार्य रूप से लगाया जाना है। विभाग ने व्यावसायिक कनेक्शनों को मीटर से जोड़ते हुए इसकी शुरुआत की है। मीटर लगने पर पानी के खपते के अनुसार उपभोक्ताओं को बिल दिया जाएगा।
अब रीडिंग के हिसाब से ही मिलेगा पानी का बिल
कनेक्शनों की मीटरिंग को सर्वे शुरू, पहले चरण में कामर्शियल कनेक्शनों पर लगेंगे मीटर