हल्द्वानी। शहर में अमृत योजना के तहत बिछाई गई पेयजल लाइनों से पेयजल उपभोक्ताओं के कनेक्शन शिफ्ट किए जा रहे हैं। शिफ्टिंग के दौरान अब तक करीब 25 अवैध कनेक्शन पकड़ में आए हैं। अवैध कनेक्शन धारक कनेक्शन में पानी नहीं आने की शिकायत लेकर जलसंस्थान दफ्तर पहुंच रहे हैं। जलसंस्थान ने साफ कर दिया है कि इन कनेक्शनों को नियमित किए बिना सप्लाई नहीं होगी। अवैध कनेक्शन धारकों से कनेक्शन नियमित कराने को कहा गया है।
जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि शहर की पेयजल योजना के लिए जलनिगम की ओर से अमृत योजना के तहत पेयजल लाइनेें बिछाई गई हैं। इन लाइनों को शहर के 17 नलकूपों से जोड़ा जा रहा है। लाइनें बिछाने के बाद जलनिगम पेयजल उपभोक्ताओं के कनेक्शनों को नई बिछी पेयजल लाइनों में शिफ्ट कर रहा है। नई लाइनों में उपभोक्ताओं के कनेक्शन शिफ्ट करने से पहले पेयजल बिल की रसीद दिखाने को कहा जा रहा है। जलसंस्थान ने बगैर बिल की रसीद दिखाए किसी भी कनेक्शन को शिफ्ट नहीं करने के लिए जलनिगम को लिखा है।
इस बीच जलनिगम द्वारा जगदंबा नगर, महिला डिग्री कालेज, कुल्यालपुरा और सुभाष नगर क्षेत्र में पेयजल कनेक्शन शिफ्ट किए जा रहे हैं। अब तक जलनिगम द्वारा करीब 25 ऐसे अवैध कनेक्शन चिह्नित किए हैं, जिन्होंने जलसंस्थान से कनेक्शन नहीं लिया है और घरों में पानी की सप्लाई बदस्तूर जारी है। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने कहा है कि उन्हीं उपभोक्ताओं के कनेक्शन शिफ्ट होंगे, जो बिल जमा करने की रसीद दिखाएंगे।
शिफ्टिंग में पकड़े गए अवैध कनेक्शनों धारकों पर नकेल
नए का पूरा शुल्क जमा करने पर ही नियमित होगा पेयजल कनेक्शन