हल्द्वानी। परिवहन निगम की ओर से अनुबंधित ढाबों में यात्रियों को जमकर लूटा जा रहा है। यात्रियों की शिकायत पर परिवहन मुख्यालय ने एक ढाबे का अनुबंधित समाप्त कर दिया। साथ ही पूर्व में ब्लैकलिस्ट किए गए ढाबे से दोबारा अनुबंध कर लिया है। इसका उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने विरोध किया है।
परिवहन निगम ने दिल्ली रूट पर गढ़मुक्तेश्वर स्थित यूनिक फूड प्लाजा से अनुबंध किया है। इस ढाबे में ही रोडवेज की बसें रुक रही थी। यात्रियों की ओर से खाने में बार-बार मिल रही शिकायत के बाद महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने इसका अनुबंध समाप्त कर दिया और इसकी जगह नया अनुबंध नहीं होने तक शिवम ढाबे में बसों को रोकने के आदेश जारी कर दिए।
इसकी खबर मिलते ही उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने इसका विरोध किया। कहा कि पूर्व में खराब खाने की शिकायत पर परिवहन निगम ने शिवम ढाबे को ब्लैकलिस्ट कर दिया था। उन्होंने दोबारा उस ढाबे को अनुबंध देने पर सवाल उठाए हैं। कहा कि शिवम ढाबे में जाने पर बस को 500 मीटर दूर उल्टी साइड जाना होगा। इससे जहां निगम को आर्थिक हानि उठानी पड़ेगी, वहीं बसों के उल्टी साइड जाने पर दुर्घटना का भी खतरा बना रहेगा।
ब्लैकलिस्ट ढाबे को दे दिया अनुबंध
रोडवेज यूनियन ने किया विरोध