पतलोट (नैनीताल)। प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला ने अस्पताल लाते समय निजी वाहन में बेटी को जन्म दिया लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
पटवारी पूरन सनवाल ने बताया कि ओखलकांडा के ग्राम अमजड़ निवासी संदीप चंद्र की पत्नी ममता देवी (30) को शुक्रवार शाम प्रसव पीड़ा हुई। गांव में सरकारी अस्पताल न होने के कारण उसे ओखलकांडा के पीएचसी में लाया जाना था लेकिन गांव में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण 108 एंबुलेंस को सूचना नहीं दी जा सकी। परिजन उसे निजी वाहन से ओखलकांडा ला रहे थे लेकिन इसी दौरान उसने बेटी को जन्म दिया, लेकिन प्रसव पीड़ा अधिक होने से ममता ने कार में ही दम तोड़ दिया। इसलिए परिजन आधे रास्ते से ही घर लौट गए। ममता का पति संदीप चंद्र मजदूरी करता है। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। ग्राम प्रधान शेर सिंह, मीडार प्रधान गोविंद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता डूंगर मेहरा ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने गरीब परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और गांव में सरकारी अस्पताल खोलने की मांग की है।
निजी वाहन में बेटी जनने के बाद महिला की मौत
गर्भवती को प्रसव के लिए अमजड़ से ओखलकांडा ला रहे थे परिजन