भवाली (नैनीताल)। नगर के सैनिटोरियम क्षेत्र में बुधवार रात टिन वाली झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, इससे झोपड़ी में सोये वृद्ध की झुलसने से मौत हो गई।
राजेंद्र कुमार (60) पुत्र स्व. मंगू लाल वर्षों से सैनिटोरियम क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे। बुधवार रात टिन और लकड़ी से बनी उनकी झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे अंदर सो रहे राजेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक झोपड़ी जल चुकी थी। साथ ही सारा सामान भी जल गया। पड़ोसियों ने राजेंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि राजेंद्र का शरीर करीब 77 प्रतिशत झुलस चुका था। कुछ देर बाद अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे एसएसआई कुलदीप सिंह, एसआई बबीता मेहरा ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिचितों को सौंप दिया। आग लगने की वजह पता नहीं चली। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र कभी कभार मजदूरी करते थे। बीड़ी, शराब भी पीते थे। हो सकता है कि नशे की हालत में जलती बीड़ी छोड़ देने से झोपड़ी में आग लगी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झोपड़ी में लगी आग, सोये वृद्ध की झुलसने से मौत