हल्द्वानी। बीएसएनएल की ओर से ठेकेदार को भुगतान न होने के कारण ल्वाड़ डोबा गौनियारौ में टावर का काम अटक गया है। हालांकि ठेकेदार ने शीघ्र टावर लगाने का आश्वासन उच्चाधिकारियों को दिया है।
ल्वाड़ डोबा गौनियारौ में बीएसएनएल को टावर लगाना है। टावर को लेकर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने आंदोलन भी किया था। टावर का काम शुरू होने के बाद फिर बंद हो गया है। सूत्रों की मानें तो ठेकेदार को 10 लाख रुपये का भुगतान किया जाना है। बीएसएनएल की ओर से बजट न होने के कारण भुगतान नहीं हो सका है। टावर देहरादून से लाया जाना है। दूसरी ओर विधायक ने चेतावनी दे रखी है कि अगर इस माह का काम नहीं शुरू हुआ तो फरवरी में बीएसएनएल कार्यालय में धरना देंगे। इस संबंध में डीजीएम गणेश चंद्रा का कहना है कि ठेकेदार का भुगतान बजट आते ही कर दिया जाएगा। ठेकेदार से बात हुई है और उसने बहुत जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया है। टावर लगने का काम अगले माह से शुरू होने की संभावना है।
ठेकेदार के भुगतान ने अटका दिया टावर
ल्वाड़ डोबा गौनियारौ में बीएसएनएल को लगाना है टावर
फंड न होने के कारण ठेकेदार को नहीं हो सका दस लाख का भुगतान, देहरादून से लाया जाना है टावर