हल्द्वानी। जिला क्रीड़ा अधिकारी नैनीताल के उत्तराखंड फुटबाल संघ के चुनाव में हस्तक्षेप और फुटबाल संघ के प्रदेश महासचिव पद का इस्तीफा खेल निदेशालय को नहीं भेजने को खेल निदेशक ने गंभीरता से लिया है। खेल निदेशक ने जिला क्रीड़ा अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
नैनीताल के जिला क्रीड़ा अधिकारी अख्तर अली राज्य फुटबाल महासंघ में महासचिव पद पर तैनात थे। पांच सितंबर को राज्य में खेल कोड लागू होने के बाद सरकारी कर्मचारियों व खेल विभाग के कर्मचारियों को खेल संघों का पद छोड़ना था। सितंबर में रुद्रपुर में हुए राज्य फुटबाल एसोसिएशन के चुनाव के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी ने हस्तक्षेप किया था। इसके बाद चुनाव टाल दिए गए थे। इसके साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी ने फुटबाल संघ महासचिव का पद तो छोड़ दिया, लेकिन इस्तीफा खेल निदेशालय को नहीं भेजा। रुद्रपुर में हुए चुनाव में हस्तक्षेप की शिकायत खेल निदेशालय देहरादून पहुंच गई थी। इसको खेल निदेशक ने गंभीरता से लिया है। बुधवार को खेल निदेशक प्रताप शाह ने इन दोनों मामलों को लेकर जिला क्रीड़ा अधिकारी को पत्र भेजकर शुक्रवार तक मेल से जवाब भेजने का आदेश दिया है। साथ ही इन दोनों मामलों में उप निदेशक खेल एसके सार्की को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
मैं अभी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त हूं। इस मामले में बाद में जवाब दूंगा।
-अख्तर अली, जिला क्रीड़ा अधिकारी नैनीताल