हल्द्वानी। शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता के चल रहे निजी स्कूल को नोटिस जारी किया है। इसी के साथ मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जिले सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लाकों में ऐसे निजी स्कूलों को चिन्हित करने के आदेश दिए हैं।
शिक्षा विभाग से कुछ अभिभावकों ने भीमताल के गेठिया में संचालित इंडियन एकेडमी स्कूल की शिकायत की थी। अभिभावकों ने आरोप लगाया था कि स्कूल बिना मान्यता के चलाया जा रहा है। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि स्कूल की जांच कराई गई तो शिकायत सही पाई गई। इस मामले में स्कूल संचालक को नोटिस जारी किया गया है कि बिना मान्यता के आठवीं तक स्कूल कैसे चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक ने यह भी तर्क दिया है कि मान्यता के लिए आवेदन किया था लेकिन विभाग से मान्यता नहीं मिल सकी। स्कूल से नोटिस का जवाब मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीईओ ने बताया कि जिले के सभी ब्लाकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे निजी स्कूलों की जांच पड़ताल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें मिली हैं कि विभिन्न स्थानों पर बिना मान्यता के विद्यालय चलाए जा रहे हैं।