हल्द्वानी। पावर कारपोरेशन के कालाढूंगी चौराहा स्थित बिजलीघर सोमवार की सुबह 11 केवी के ब्रेकर में हुए धमाके के बाद आग लग गई। कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। ब्रेकर में ब्लास्ट के बाद शहर के एक बड़े हिस्से में बिजली गुल हो गई। हालांकि ढाई घंटे के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्युतापूर्ति सुचारु कर दी गई जबकि गांधी नगर क्षेत्र में दोपहर सवा बजे बिजली बहाल हुई।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे बिजलीघर में लगा ब्रेकर धमाके के साथ फट गया और उसमें आग लग गई। इससे रामपुर रोड, बरेली रोड, वनभूलपुरा, आजाद नगर, लाइन नंबर 16, लाइन नंबर 17, बाजार क्षेत्र और गांधीनगर क्षेत्र में विद्युतापूर्ति ठप हो गई। एसडीओ केके पंत समेत सब स्टेशन आपरेटर नंदन सिंह भंडारी, अवर अभियंता मनोज पाठक और दीपक आदि ने किसी तरह रेत-बजरी आदि डालकर आग काबू पा लिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता डीके जोशी ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद इसी बिजलीघर के दूसरे ब्रेकरों और तेरह बीघा स्थित बिजली घर से प्रभावित क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। गांधी नगर को छोड़कर शेष स्थानों पर सुबह 11 बजे विद्युतापूर्ति सुचारु कर दी गई जबकि गांधी नगर में दोपहर सवा बजे विद्युतापूर्ति सुचारु हुई।
बिजली घर के धमाके ने उड़ा दी शहर की बत्ती
11 केवी का ब्रेकर फटा, करीब सात हजार परिवार प्रभावित