हल्द्वानी। शहर में अब बिना पेयजल कनेक्शन के रह रहे 1073 परिवारों को भी पेयजल संयोजन मिलेगा। अमृत योजना के तहत इनको कनेक्शन देने की तैयारी की जा रही है। जलनिगम ने इन परिवारों को चिह्नित कर पेयजल योजना का प्रस्ताव भेज दिया है।
शहर में अमृत योजना के तहत पेयजल योजना का पुनर्गठन किया जा रहा है। शासन ने योजना के तहत पहले पेयजल विहीन परिवारों को चिह्नित कर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जलनिगम ने राजपुरा, किदवई नगर और राजपुरा में पेयजल विहीन 1073 परिवार चिह्नित किए हैं। इन इलाकों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 12.17 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। पेयजल विहीन उपभोक्ताओं का चिन्हीकरण जारी है।
जलनिगम के अधिशासी अभियंता पीसी लोहुमी ने बताया कि पहले चरण में राजपुरा के पेयजल विहीन 300 परिवारों के लिए 2.33 करोड़, किदवई नगर के 181 परिवारों के लिए 85.97 लाख और इंदिरानगर के 512 परिवारों के लिए 8.99 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। अमृत योजना के तहत सबसे पहले पेयजल विहीन उपभोक्ताओं को पेयजल से लाभान्वित करने के शासन के आदेशों के क्रम में शहर में पेयजल विहीन परिवार चिह्नित किए जा रहे हैं।
शहर के 1073 परिवारों को मिलेगा पानी का कनेक्शन